crime
एंबुलेंस न मिलने से 2 घंटे तड़पती रही महिला, मौत:5 महीने में 8वीं प्रसूता ने तोड़ा दम, कटनी में सिर्फ 7 जननी वाहन चल रहे
कटनी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली के कारण एक और गर्भवती महिला की जान चली गई। ढीमरखेड़ा तहसील के खमरिया गांव की 24 साल की गुलाब बाई कोल ने अस्पताल की दहलीज पर दम तोड़ दिया। पिछले पांच महीनों में एंबुलेंस न मिलने और समय पर इलाज न होने से यह आठवीं गर्भवती महिला की मौत है। पति मोजन कोल ने बताया कि नौ महीने की गर्भवती पत्नी को तेज प्रसव पीड़ा होने पर 108 जननी एक्सप्रेस को फोन किया गया था। कॉल सेंटर से बार-बार आश्वासन मिलता रहा, लेकिन दो घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूर होकर परिजन किराए की गाड़ी से खमतरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कागजी कार्रवाई में गई जान बुधवार दोपहर करीब 1 बजे परिजन प्रसूता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां तुरंत इलाज शुरू करने के बजाय परिजन को आधे-एक घंटे तक कागजी कार्रवाई और कमरों के चक्कर लगवाए गए। जब तक परिजन महिला को डिलीवरी वार्ड तक ले जा पाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मामले में कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने जांच कराने और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फाइलों में 17, सड़क पर 7 एंबुलेंस कटनी जिले में आपातकालीन सेवाओं का बुरा हाल है। कागजों में जिले के लिए 17 जननी एंबुलेंस आवंटित हैं, लेकिन सड़क पर सिर्फ 7 गाड़ियां ही चल रही हैं। बाकी 10 वाहनों का कोई अता-पता नहीं है।
Read full article on Bhaskar