crime
एसपी से मिले डायल-112 पायलट, सुपरवाइजर का किया समर्थन:अधिकारी पर रुपए लेने का आरोप; कहा- छवि खराब करने की साजिश
धार जिले के डायल-112 पायलटों ने अपने जिला सुपरवाइजर मनोज परमार के समर्थन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। पायलटों ने मनोज परमार पर विकास जाट द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया। पायलटों ने कहा कि मनोज परमार ने आज तक किसी भी पायलट से पैसे नहीं मांगे। उन्होंने पैसे न देने पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया और न ही ट्रांसफर की धमकी दी। पायलटों के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी को कोई व्यक्तिगत परेशानी होने पर सुपरवाइजर को बताया जाता है, जिसका समाधान करने में वे मदद करते हैं। पायलट लखन वर्मा ने भी इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मनोज परमार ने कभी पैसे नहीं मांगे और न ही कोई दबाव बनाया। पायलटों के अनुसार, विकास जाट पहले डायल-112 में पायलट था, लेकिन अब वह सेवा में नहीं है। पायलटों का आरोप है कि विकास जाट निजी कारणों से मौजूदा कर्मचारियों पर मनोज परमार के खिलाफ शिकायत करने और प्रचार करने का दबाव बना रहा है। पायलटों ने चिंता जताई कि ऐसे आरोपों से डायल-112 की छवि खराब हो रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। धार जिले के डायल-112 पायलटों ने पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के नाम यह ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर को सौंपा। एएसपी विजय डावर ने पायलटों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar