crime
एटीएम में मदद करने के बहाने कार्ड बदला:प्रधान के खाते से 35 हजार रुपए निकाले, सीसीटीवी फुटेज से पहचान की मांग की
कानपुर देहात में मुंगीसापुर में रविवार शाम एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे ग्राम प्रधान से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मदद के बहाने एक युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और बाद में तीन-चार बार में खाते से करीब 35 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर रकम निकाले जाने के मैसेज आने के बाद पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। रुपये नहीं निकले तो युवक ने मदद की पेशकश की किशवाखेड़ा निवासी प्रधान एवं प्रशासक सोवरन सिंह रविवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच मुंगीसापुर स्थित एसबीआई के एटीएम पहुंचे थे। कई प्रयास के बाद भी मशीन से रुपये नहीं निकले। इसी दौरान पीछे खड़े एक युवक ने मदद करने की बात कही। चुपके से बदला असली एटीएम कार्ड आरोप है कि युवक ने एटीएम मशीन में कार्ड लगाने के दौरान सोवरन सिंह का असली कार्ड चुपके से बदल लिया। इसके बाद उन्हें दूसरा कार्ड थमा दिया। रुपये नहीं निकलने पर सोवरन सिंह वहां से चले गए। युवक द्वारा दिया गया कार्ड अमरपाल सिंह के नाम का बताया गया है। कुछ देर बाद खाते से निकलने लगे रुपये एटीएम से निकलने के कुछ देर बाद सोवरन सिंह के मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने के लगातार मैसेज आने लगे। बताया गया कि तीन से चार बार में कुल करीब 35 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद उन्होंने अपना एटीएम कार्ड देखा तो कार्ड बदले जाने की जानकारी हुई। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की मांग पीड़ित ने थाना डेरापुर में अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने और रकम वापस दिलाने की मांग की है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की मौखिक जानकारी मिली है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar