politics
फोटो, बैनर व पुस्तिकाओं से विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया
भास्कर न्यूज | जशपुरनगर राज्योत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी में जनसंपर्क विभाग का स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। स्टॉल के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकार की उपलब्धियों और जशपुर जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। अब तक हजारों नागरिक, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि स्टॉल का अवलोकन कर चुके हैं। यहां प्रदर्शित जानकारियों के माध्यम से लोगों को जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, कृषि, रोजगार और परिवहन के क्षेत्र में हुए कार्यों से परिचित होने का अवसर मिल रहा है। जनसंपर्क विभाग की ओर से स्टॉल में आकर्षक फोटो, बैनर और पुस्तिकाओं के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी देखने पहुंच रहे लोगों का कहना है कि एक ही स्थान पर शासन की विभिन्न योजनाओं और जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी मिलना उपयोगी है। इससे लोगों को योजनाओं के उद्देश्य, लाभार्थियों और जिले में हुए कार्यों के बारे में जानकारी मिल रही है। प्रदर्शनी में जशपुर जिले में शुरू हुए मेडिकल कॉलेज को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। यहां एमबीबीएस की 50 सीटों पर प्रवेश और 359 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन की जानकारी दी गई है। इससे जिले में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाया गया है। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 97 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिलने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। विशेष रूप से जनजातीय समुदायों के लिए संचालित पीएम जनमन योजना के तहत 1616 लाभार्थियों को मिले लाभ का विवरण भी स्टॉल में शामिल है। इसके अलावा भारतमाला परियोजना के तहत 3147 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन फोरलेन सड़क परियोजना की जानकारी दी गई है। इस परियोजना को जिले के सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधाओं के विस्तार से जोड़कर प्रदर्शित किया गया है।
Read full article on Bhaskar