top
गोगाजी महाराज मेले में उमड़ा आस्था का जनसैलाब:फर्रुखाबाद में 92 निशान उठे, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
फर्रुखाबाद जनपद के फतेहगढ़ में शनिवार को श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज के मेले में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान 92 भव्य निशान निकाले गए। मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। शनिवार को कार्यक्रम शाम 4 बजे तक चलता रहा। संस्थापक एवं मुख्य अतिथि सुनील गेराज ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालु भव्य निशान लेकर मेले में पहुंचे और पूजा-अर्चना की। दिनभर फतेहगढ़ गोगा जी महाराज, ज्वाला जी और गुरु गोरखनाथ के जयकारों से गूंजता रहा। महिलाओं और बच्चों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले में शामिल हुए 92 निशान चांदी के मुकुट, चांदी की लड़ियों, सिक्कों, देवी-देवताओं के चित्रों, बेला की कलियों, रंग-बिरंगे फूलों और मोर पंखों से आकर्षक ढंग से सजाए गए थे। ये गगनचुंबी निशान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। फर्रुखाबाद के अलावा कन्नौज, हरदोई, गुरसहायगंज, कमालगंज, छिबरामऊ, नवाबगंज, अलीगंज और राजा का रामपुर सहित कई स्थानों से श्रद्धालु निशान लेकर फतेहगढ़ पहुंचे। फतेहगढ़ कोतवाली रोड पर निशान रखे गए, जबकि सीएमओ कार्यालय के बाहर बने मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बताया गया कि इस वर्ष मेले में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक भीड़ देखी गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय रहा। सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद था। सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई और पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन कर यातायात व्यवस्था संभाली गई। यात्रा कार्यक्रम शाम करीब 4 बजे संपन्न हुआ। वहीं, आदर्श पटेल ने अपने प्रतिष्ठान पर मेले में आए श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और उनके लिए जलपान की व्यवस्था की। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। मेला कमेटी ने श्रद्धालुओं और सहयोगियों का फूलमाला व पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। इस कार्यक्रम में संरक्षक श्याम कुमार वाल्मीकि, महामंत्री दिनेश देशमुख, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार के साथ सुमित, संदीप कुमार, विशाल कुमार, विकास, रंजीत, श्रीकृष्ण चौधरी, स्वदीप कुमार, अनिल कोतवाल, रतन कोतवाल, विजय चौधरी, राकेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आयोजक मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar