top
गर्भवती महिला की मौत, ससुरालियों पर मारपीट का आरोप:पिता बोले- बाइक की मांग कर रहे थे; ग्वालियर में भर्ती थी महिला
ललितपुर में गर्भवती महिला की मौत के मामले में मायके वालों ने ससुरालियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। टीकमगढ़ से आए महिला के पिता ने शुक्रवार शाम एसपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाइक की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद इलाज के दौरान 4 सितंबर को ग्वालियर में उसकी मौत हो गई। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला बाइक से गिरकर घायल हुई थी। तीन साल पहले हुई थी शादी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के विघा गांव निवासी भैयालाल चढ़ार परिवार के साथ ललितपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि करीब तीन साल पहले बेटी नीतू की शादी महरौनी तहसील के गुंदरापुर गांव निवासी रामदयाल पुत्र मोरलाल से हुई थी। बाइक की मांग को लेकर मारपीट का आरोप भैयालाल के मुताबिक, 30 अगस्त को नीतू की सास, ननद, ननदोई, जेठ और धौलपुरा निवासी एक अन्य ननदोई ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि ससुराल वाले बाइक की मांग कर रहे थे। उस समय नीतू गर्भवती थी। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। नीतू ने घटना की जानकारी अपने पिता को दी थी। इसके बाद मायके वाले उसे इलाज के लिए ग्वालियर ले गए। 4 सितंबर को इलाज के दौरान मौत परिजनों के मुताबिक, ग्वालियर में नीतू का इलाज चल रहा था। इसी दौरान 4 सितंबर की रात करीब 1 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मारपीट में लगी गंभीर चोटों के कारण ही उसकी मौत हुई। नीतू की मौत के साथ उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम है। ससुराल पक्ष ने आरोपों को नकारा ससुराल पक्ष का कहना है कि नीतू बाइक से गिरकर घायल हुई थी। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मायके वालों के मारपीट के आरोपों पर ससुराल पक्ष ने इसे गलत बताया है। पिता ने एसपी से कार्रवाई की मांग की नीतू के पिता भैयालाल ने शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बेटी की मौत के मामले में जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वजह और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Read full article on Bhaskar