crime
ग्रामीणों का शिक्षकों पर अटेंडेंस बनाकर गायब रहने का आरोप:सीतामढ़ी के सरवरपुर मध्य विद्यालय में हंगामा, शिक्षा विभाग ने जांच शुरू की
सीतामढ़ी के स्कूल में बच्चों की पढ़ाई हो या सिर्फ हाजिरी बनाने की औपचारिकता, इसी सवाल को लेकर कचोर पंचायत के सरवरपुर मध्य विद्यालय में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शिक्षकों की कार्यशैली और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने परिसर में जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक स्कूल पहुंचकर पहले अपनी हाजिरी बनाते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। छुट्टी होने से पहले दोबारा विद्यालय पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराने का आरोप भी लगाया गया है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कराने की बात कही है। अटेंडेंस बनाकर गायब रहने का आरोप ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई नहीं होती है। कुछ शिक्षक कथित तौर पर हाजिरी बनाने के बाद विद्यालय से चले जाते हैं और छुट्टी का समय नजदीक आने पर वापस लौटते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब शिक्षक ही नियमित रूप से कक्षा में मौजूद नहीं रहेंगे, तो बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिलेगी? इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने विद्यालय की व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि स्कूल में शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के बजाय लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों ने शिक्षकों की कार्यशैली की जांच कर व्यवस्था में सुधार करने की मांग उठाई। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने लिया संज्ञान मामले को लेकर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Read full article on Bhaskar