top
घर का गेट तोड़ने पहुंचे लोग, विरोध पर महिला को खींचकर पीटने का आरोप
घर का गेट तोड़ने पहुंचे लोग, विरोध पर महिला को खींचकर पीटने का आरोप केएमबी खुर्शीद अहमद बाजार शुकुल,अमेठी। थाना बाजार शुकुल क्षेत्र में घर का गेट तोड़ने के कथित प्रयास का विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता आसिफा बानो पत्नी रेहान अहमद ने मुन्ना पुत्र यूसुफ, फरकान अहमद उर्फ टिपू, महजबीन, सम्मू, जीशान, शिबा, मारिया और फरहान समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, 4 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे आरोपी उसके घर का गेट तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। उसने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते हुए विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद लोगों ने उसे घर के अंदर से खींचकर बाहर निकाला और मारपीट शुरू कर दी। अजीफा का आरोप है कि मारपीट इतनी बर्बर थी कि वह बेहोश हो गईं। इसके बाद भी उनके चेहरे पर लात मारी गई, जिससे नाक और मुंह से खून बहने लगा। घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है। पीड़िता का कहना है कि इससे पहले भी घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई थी और वीडियो उपलब्ध कराया गया था, लेकिन आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं और दोबारा घर पहुंचकर गेट तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता ने थाने के दरोगा तुलसी राम पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कार्रवाई के नाम पर रुपये मांगे जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पीड़िता के अनुसार, लगातार धमकी और घर पर दोबारा हमले के डर से उसे मायके में शरण लेनी पड़ी है। परिवार ने पुलिस-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Read full article on Kmb News