crime
घर से 40 हजार रुपए की चोरी:सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, दो भाइयों पर आरोप; पुलिस ने केस दर्ज किया
हनुमानगढ़ के सदर थाना क्षेत्र की बावरियांवाली ढाणी में एक घर से 40 हजार रुपए नकद चोरी हो गए। यह वारदात पास के एयू बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बावरियांवाली ढाणी निवासी जगतार सिंह (42) पुत्र दलीप सिंह बावरी ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे उनके घर पर ताला लगा हुआ था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, राजेन्द्र और सोनू पुत्र रणजीत, जो बावरियांवाली ढाणी के ही रहने वाले हैं, ने घर के गेट का ताला तोड़ा। वे घर में घुसे और संदूक में रखे 40 हजार रुपए नकद चुरा लिए। आरोपियों ने घर में रखा कीमती सामान भी तोड़ दिया, जिससे काफी नुकसान हुआ। जगतार सिंह ने बताया कि पूरी वारदात पास ही स्थित एयू बैंक के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चोरी की रकम बरामद करवाने की मांग की है। सदर थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच हेड कांस्टेबल विष्णु कुमार को सौंपी गई है।
Read full article on Bhaskar