crime
हिंदुस्तान लीवर एजेंसी से 18 लाख की चोरी का खुलासा:15.40 लाख रुपए कैश बरामद; एक नाबालिग समेत 5 आरोपी पकड़ाए
ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंदुस्तान लीवर एजेंसी के ऑफिस का ताला तोड़कर हुई 18 लाख रुपए की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी (नाबालिग) को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए माल में से 15 लाख 40 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए गए हैं। सुबह ऑफिस पहुंचे तो टूटा मिला ताला पटेल नगर निवासी शिकायतकर्ता संजय कुमार बंसल ने जनकगंज थाने में मामला दर्ज कराया था कि 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे उनके हिंदुस्तान लीवर एजेंसी के दफ्तर से अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लगभग 18 लाख रुपए नकद और चांदी का एक सिक्का पार कर दिया। घटना की रात करीब डेढ़ बजे ऑफिस के आसपास संदिग्ध हलचल महसूस होने पर जांच की गई थी, लेकिन उस समय ताले सुरक्षित पाए गए थे। अगली सुबह जब कर्मचारी ऑफिस पहुंचे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और तिजोरी/ड्रॉर में रखा कैश गायब था। CCTV फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव के निर्देशों पर जनकगंज पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस का मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान भारत उर्फ भूरा जाटव और जितेंद्र उर्फ टिक्की उर्फ जीतू कुशवाह के नाम सामने आए। पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों से इस तरह हुई बरामदगी पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी की रकम को सभी आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। कुछ ही घंटों में चोरी की रकम का खुलासा एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि CCTV फुटेज और सटीक मुखबिर सूचना की मदद से टीम ने महज कुछ ही घंटों में चोरी का खुलासा कर 15.40 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार चार आरोपियों और नाबालिग से बची हुई रकम व वारदात में इस्तेमाल किए गए औजारों के संबंध में पूछताछ जारी है।
Read full article on Bhaskar