politics
इंडिया ब्लॉक संयुक्त मोर्चे के रूप में लड़ेगा निगम चुनाव:उदयपुर में हुई बैठक में लिया फैसला; कई साल से रह रहे परिवारों को पट्टे नहीं मिले
उदयपुर की वाम दलों की समन्वय समिति की बैठक माछला मगरा स्थित माकपा कार्यालय में आज हुई। बैठक में सर्वसम्मिति से आगामी उदयपुर नगर निगम चुनाव में इंडिया ब्लॉक के सभी धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और जनपक्षधर दलों से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। माकपा के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह देवड़ा की अध्यक्षता में बैठक हुई। समन्वय समिति की बैठक को संबोधित करते हुए माकपा जिला सचिव और पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने पिछले 30 वर्षों से नगर निगम उदयपुर पर भाजपा का लगातार कब्जा उदयपुर के नागरिकों के हित में नहीं रहा हैं। सिंघवी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब समय आ गया है कि शहर के मतदाता एकजुट होकर जनविरोधी नीतियों को बदलने का निर्णय लें। उन्होंने कहा कि भाजपा के लंबे शासन में नगर निगम में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, अव्यवस्थित शहरीकरण और जनसुविधाओं की उपेक्षा के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं। भाकपा( माले) के राज्य सचिव शंकरलाल चौधरी ने कहा ‘स्मार्ट सिटी’ और विकास के नाम पर उदयपुर में ऐसी अनेक परियोजनाएं लागू की गईं, जिनसे आम नागरिकों, छोटे दुकानदारों, ठेला-फेरी वालों और गरीब परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर स्थिति झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले हजारों परिवारों की है। बरसों से बसे होने के बावजूद कई गरीब परिवारों को अभी तक पट्टे जारी नहीं किए गए हैं। भाकपा के जिला सचिव हिम्मत चांगवाल ने कहा इंडिया ब्लॉक को केवल चुनावी समझौते के रूप में नहीं, बल्कि एक मजबूत संयुक्त जनमोर्चे के रूप में मैदान में उतरना चाहिए। बैठक में पूर्व पार्षद राजेंद्र वसीटा, हीरालाल सालवी, गुमान सिंह राव, सौरभ नरूका,अमजद शेख, रघुनाथ सिंह आदि मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar