business
जेडीए लाएगा 700 प्लॉट की नई आवासीय कॉलोनी:एआई कैमरा पकड़ेगा कहां ट्रैफिक तोड़ा, घर आएगा ई-चालान; जोजरी नदी के पास बनेगा एसटीपी
जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) नई वैदकुंज आवासीय योजना लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इस आवासीय योजना के तहत लोगों को प्लॉट उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके साथ ही शहर में ट्रैफिक मैनेजमेंट को सुधारने के लिए एआई लैस कैमरे लगेंगे। इसमें ट्रैफिक नियम तोड़ते ही सीधे पर घर ई-चालान आएगा। बैठक में इसके प्रस्ताव को लेकर भी चर्चा की गई। दरअसल, मंगलवार को जेडीए कार्य समिति की बैठक आयुक्त उत्साह चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें जेडीए सेक्रेट्री चंचल वर्मा, उप सचिव सुमन राठौड़, एडीएम सिटी दौलतराम चौधरी, ट्रैफिक एसीपी कुलदीप सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जोजरी नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी और इसके पानी को ट्रीट करने के लिए एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) बनाया जाएगा। जोजरी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बिछेगी सीवरेज लाइन, बनेगा एसटीपी कार्य समिति की बैठक में जोजरी नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने को लेकर चर्चा की गई। इसके तहत जोजरी नदी के आस-पास क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद इस सीवरेज लाइन को यहां प्रस्तावित नए एसटीपी से जोड़ा जाएगा। बैठक में इसकी डीपीआर के साथ प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के प्रस्ताव को लेकर निर्णय लिया गया। बैठक में इन प्रोजेक्ट को लेकर हुई चर्चा वैदकुंज आवासीय योजना: बासनी लाछा गांव के पास जेडीए 700 प्लॉट का ये प्रोजेक्ट लॉन्च करेगा। इसमें ईडब्ल्यूएस से लेकर एलआईजी और एचआईजी समेत सभी कैटेगिरी के अलग-अलग प्लॉट होंगे। ट्रैफिक एनफोर्समेंट एंड सर्विलेंस सिस्टम: इसके तहत भैरूजी चौराहे से लेकर शताब्दी चौराहे तक सर्विसलेंस सिस्टम डेवलप किया जाएगा। इसमें एआई बेस्ड कैमरा लगाए जाएंगे। इसके तहत किसी भी तरह का ट्रैफिक नियम तोड़ने पर फोटो या वीडियो के साथ गाड़ी मालिक को ई-चालान भेज देगा। गौरतलब है कि भैरूजी से शताब्दी सर्किल तक काफी ट्रैफिक रहता है। यहां से दिनभर बसें और भारी वाहन भी निकलते है। ऐसे में यहां अलग-अलग पॉइंट में इस सिस्टम को लागू किया जाएगा। डिजिटल बोर्ड: शहर में डिजिटल आउटडोर डिस्प्ले बोर्ड और डिजिटल बोर्ड के साथ सजाववटी रोड लाइट पोल भी लगेंगे। शहर में 15 जगहों पर ये एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगेंगे। इनमें सरकार और जेडीए की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही सर्किट हाउस से एयरपोर्ट रोड तक डिजिटल बोर्ड के साथ सजावटी रोड लाइट पोल भी लगेंगे। मंडोर में बनेगा नया कन्वेंशन सेंटर बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत काम करवाने को लेकर चर्चा हुई। ग्राम सेवक प्रशिक्षण केंद्र (जीटीसी) मंडोर में कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। इसके साथ ही बैठ एवं विवेक विहार योजना में विकास के काम को लेकर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर एवं ऑटो मोबाइल्स मार्केट में ग्राम मोगड़ा खुर्द पाली रोड पर 100 फीट सड़क बनाई जाएगी। घोड़ा घाटी रोड को भी आकर्षक बनाने के लिए यहां अलग-अलग काम होंगे।
Read full article on Bhaskar