top
जेन अल्फा के प्रदर्शन के बाद स्कूल पहुंचे कमिश्नर:अटल आवासीय विद्यालय में छात्रों के साथ खाना खाया; 15 दिन में होगा 8 शिक्षकों का चयन
लखनऊ में सर्वोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं यानी जेन अल्फा के प्रदर्शन का असर गोरखपुर में भी दिखा। यहां छात्रों ने कोई शिकायत नहीं की लेकिन अधिकारी सतर्क हो गए। मंगलवार को दोपहर बाद कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह सहजनवा स्थित अटल आवासीय विद्यालय पहुंच गए। इस विद्यालय का संचालन श्रम विभाग की ओर से किया जाता है। कमिश्नर विद्यालय में पहुंचे और वहां शिक्षकों की उपलब्धता, रिक्त पदों की स्थिति की जानकारी ली। छात्रों के साथ मेस में बैठकर उन्होंने खाना खाया और इसी बहाने खाने की गुणवत्ता जांची। हालांकि कमिश्नर के इस दौरे पर कोई खामी नहीं मिली। लेकिन, यह बात स्पष्ट हो गई कि इस आवासीय विद्यालय में रिक्त पड़े प्रवक्ता के 4 एवं टीजीटी के 4 पदों को 15 दिन में भर दिया जाएगा। यहां गेस्ट फैकल्टी के रूप में शिक्षकों का चयन होगा। लखनऊ में पहले सर्वोदय आवासीय विद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन किया और उसके बाद 17 अगस्त को छात्राएं सड़क पर उतर आयीं। इन छात्राओं ने दो घंटे तक हाईवे जाम रखा। जेन अल्फा के इस प्रदर्शन ने सरकार को भी अंदर से झकझोर दिया है। प्रदर्शन की यह आग पूरे प्रदेश में भड़कने से पहले ही सरकार अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गई है। यही कारण है कि अधिकारी ऐसे विद्यालयों में पहुंचकर वहां सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री के जाने के बाद सहजनवा पहुंचे कमिश्नर दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार की दोपहर जैसे ही यहां से रवाना हुए। कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह सहजनवा स्थित अटल आवासीय विद्यालय पहुंच गए। इस विद्यालय का संचालन श्रम विभाग की ओर से किया जाता है। इसपर कमिश्नर की सीधी निगरानी होती है। कमिश्नर वहां छात्रों से मिले और सुरक्षा की जानकारी ली। उन मुद्दों पर भी बात की, जिनको लेकर जेन अल्फा ने लखनऊ में प्रदर्शन किया था। यानी, खाना, आवासीय सुविधा और शिक्षकों की उपलब्धता की जानकारी भी ली गई। कमिश्नर ने वहां संचालित मेस में बच्चों के साथ भोजन करते हुए गुणवत्ता चेक की। बच्चों ने उन्हें बताया कि यहां खाने की गुणवत्ता ठीक है। कमिश्नर ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताया। उन्होंने विद्यालय की साफ-सफाई और सीढ़ियो के खुले स्थान पर ग्रिल लगाने का निर्देश दिया। जानिए कितने बच्चे और शिक्षक हैं इस विद्यालय में कमिश्नर को बताया गया कि वर्तमान में विद्यालय में कक्षा 6 से 11 के कुल 818 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। पीजीटी (प्रवक्ता) के 11 तथा टीजीटी के 26 शिक्षक नियुक्त हैं। पीजीटी के 4 एवं टीजीटी के 4 शिक्षकों का चयन गेस्ट फैकल्टी के आधार पर 15 दिन में कर लिया जाएगा।
Read full article on Bhaskar