crime
जैतपुर में अवैध रेत से भरे 5 मिनी ट्रक पकड़े:नाकाबंदी देखकर चालक वाहन छोड़कर भागे; रेत समेत 80 लाख से ज्यादा का सामान जब्त
शहडोल के जैतपुर में पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 5 मिनी ट्रक जब्त किए हैं। पुलिस की नाकेबंदी देखकर सभी वाहनों के चालक उन्हें मौके पर छोड़कर भाग गए। जब्त वाहनों और रेत समेत सामान की कुल कीमत 80 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है। कार्रवाई जैतपुर थाना क्षेत्र के बदौड़ी मेन रोड पर हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि खैरहानी गांव के पास कुनुक नदी से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है और मिनी ट्रकों के जरिए इसे जैतपुर होते हुए शहडोल ले जाया जा रहा है। घेराबंदी देखकर वाहन छोड़कर भागे चालक सूचना के बाद पुलिस टीम ने बदौड़ी मेन रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान रेत से भरे पांच मिनी ट्रक वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर चालकों ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के कारण उन्हें वाहन मौके पर छोड़ने पड़े। पुलिस ने चालकों का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और रास्तों का फायदा उठाकर वे फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पांचों मिनी ट्रकों को जब्त कर लिया। कुनुक नदी से रेत निकालने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आया है कि कुनुक नदी का यह क्षेत्र गोहपारू थाना क्षेत्र से भी जुड़ा है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार खैरहानी क्षेत्र के कुछ लोग नदी से रेत निकालकर मिनी ट्रकों में लोड करते हैं। इसके बाद रेत को जैतपुर के रास्ते शहडोल ले जाया जाता है। खनन से बिक्री तक जुड़े लोगों की जांच पुलिस अब रेत निकालने, वाहनों में लोड करने, परिवहन और बिक्री से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जब्त वाहनों के दस्तावेजों के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी भी निकाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक जांच में वाहन मालिकों या अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
Read full article on Bhaskar