politics
जितेंद्र बदनोरा बने ITI संघ के प्रांतीय अध्यक्ष:जिले को पहली बार मिला प्रदेश संगठन का नेतृत्व; एमपी के 300 कर्मचारी शामिल
मध्यप्रदेश आईटीआई तकनीकी कर्मचारी संघ के 41वें प्रांतीय अधिवेशन में धार के शासकीय आईटीआई के प्रशिक्षण अधीक्षक जितेंद्र सिंह बदनोरा को संघ का प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया। यह अधिवेशन शनिवार को आयोजित हुआ। खास बात यह है कि धार जिले से पहली बार किसी कर्मचारी को संघ के प्रांतीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। रेजिडेंसी क्लब में हुए इस अधिवेशन में प्रदेशभर से 300 से अधिक कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल हुए। निर्वाचन प्रक्रिया मध्यप्रदेश कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष और मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमेशचंद्र शर्मा की मौजूदगी में हुई। इसमें अभिषेक तिवारी और नरेश शुक्ला को प्रमुख महामंत्री चुना गया। शरद शर्मा, संजय जैन, प्रशांत सोंधिया, अजय सक्सेना और रामगोपाल शर्मा महामंत्री निर्वाचित हुए। अधिवेशन के दूसरे सत्र में कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. गौतम टेटवाल मुख्य अतिथि रहे। विशेष अतिथियों में इंदौर-2 विधायक रमेश मेंदोला, नगर निगम इंदौर के कार्यकारी महापौर राजेंद्र राठौर, कौशल विकास इंदौर संभाग के संयुक्त संचालक निखिल सिंघल, शासकीय संभागीय आईटीआई इंदौर की प्राचार्य रीना सोलंकी और शासकीय आईटीआई धार के प्राचार्य राहुल मंडलोई शामिल थे। कार्यक्रम में कौशल विकास विभाग की प्रियंका बामने, अंचल शुक्ला, सचिन अग्रवाल और प्रकाश आर्य सहित कई अधिकारी भी मौजूद थे। अतिथियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई गई। राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। पूर्व प्रांताध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। जितेंद्र सिंह बदनोरा के प्रांतीय अध्यक्ष चुने जाने से धार जिले के आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों में भी उत्साह का माहौल है।
Read full article on Bhaskar