top
Jaunpur News: स्कूल एवं परिवार मिलकर बच्चों को बना सकता है सुरक्षित व सशक्त: संतोष
रतनपुर जनता इण्टर कालेज में जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन विनोद कुमार केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के रतनपुर ग्राम में स्थित जनता इंटर कॉलेज में शनिवार को आस्था महिला एवं बाल विकास संस्था (मेरी मुस्कान प्रोजेक्ट) के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल श्रम, साइबर क्राइम एवं पाक्सो एक्ट के बारे में किशोरियों को जानकारी देना और उसके अधिकारों और सुरक्षा के उपाय के बारे में बताना था। संस्था के प्रशिक्षकों ने बच्चों के अधिकार,पाक्सो एक्ट के प्रावधान, बाल विवाह और बाल श्रम के दुष्प्रभाव तथा कैसे जोखिम की पहचान कर सुरक्षित रहे, इसकी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही साइबर क्राइम और ऑनलाइन सुरक्षा सत्र में किशोरियों को सोशल मीडिया पर सुरक्षित व्यवहार, पर्सनल जानकारी न साझा करने और गम्भीर मामलों में पुलिस हेल्पलाइन, 1098/181 के साथ ही प्रतिभागियों को कानूनी कार्रवाई के विकल्प, आसपास उपलब्ध सरकारी व गैर-सरकारी संसाधन और स्थानीय सहायता प्रणाली की जानकारी दी गई। इस दौरान इंटरेक्टिव सत्र और प्रश्नोत्तर भी शामिल किये गये जिसमें छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और निर्भीक होकर अपने सवाल पूछे। इस बाबत संस्था प्रमुख संतोष पांडेय ने कहा कि समुदाय, स्कूल और परिवार मिलकर ही बच्चों को सुरक्षित और सशक्त बना सकते हैं। किसी भी प्रकार के शोषण या हिंसा की सूचना मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या बाल संरक्षण अधिकारी से संपर्क करें। इस अवसर पर प्रधानाचार्या रजनी द्विवेदी, शिक्षक राजेश प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर बंदना कुमारी, सविता, शीला, दीप नारायण समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
Read full article on Aap Ki Ummid