education
झाबुआ में पोषण माह शुरू, 50 बालिकाओं को लर्निंग लाइसेंस:सशक्त वाहिनी में 6 महीने की मुफ्त प्रतियोगी परीक्षा और पुलिस भर्ती कोचिंग शुरू
झाबुआ में गुरुवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया और कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की मौजूदगी में 50 बालिकाओं को बैग और लर्निंग लाइसेंस बांटे गए। इसी दौरान सशक्त वाहिनी के तहत बालिकाओं के लिए मुफ्त कोचिंग क्लास भी शुरू की गई। मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि उम्र और शरीर की जरूरत के अनुसार संतुलित आहार लेना जरूरी है। कुपोषण खत्म करने के लिए परिवार और समाज की भागीदारी जरूरी है। छह महीने तक मुफ्त कोचिंग लेंगी बालिकाएं सशक्त वाहिनी के तहत चयनित बालिकाओं को छह महीने तक प्रतियोगी परीक्षाओं और पुलिस भर्ती की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। कार्यक्रम में बालिकाओं को परिवहन विभाग की ओर से बनाए गए लर्निंग लाइसेंस भी दिए गए। स्थानीय व्यंजनों की रेसिपी वाली पुस्तिका बनेगी कलेक्टर ने पोषण व्यंजन प्रदर्शनी देखने के बाद स्थानीय व्यंजनों की रेसिपी और फोटो वाली पुस्तिका तैयार कर आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पोषण माह के दौरान दाल, सब्जी, फल और मिलेट्स को भोजन में शामिल करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर भोजन और उपस्थिति पर जोर आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को ताजा और पौष्टिक भोजन देने के साथ नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंगल दिवस मनाने और ‘प्रोजेक्ट ममता मंदिर’ की अवधारणा पर काम करने को भी कहा गया। नुक्कड़ नाटक से कुपोषण और बाल विवाह का संदेश कार्यक्रम में कुपोषण और बाल विवाह पर नुक्कड़ नाटक किया गया। लोगों को बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ की शपथ दिलाई गई। गंभीर कुपोषण से सुधार के उदाहरण के तौर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता राजकुमारी चांगोड़ को सम्मानित किया गया। पोषण व्यंजन प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित पोषण व्यंजन प्रतियोगिता में खमण के लिए नेहा कटारा, रागी हलवा के लिए नंदिनी राठौर, मूंगफली चक्की के लिए सुनीता मुनिया और पोषण मटका के लिए सुनीता गणावा को सम्मानित किया गया। ‘हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर, सहायक आयुक्त सुप्रिया बिसेन, जिला कार्यक्रम अधिकारी मोनिका बघेल, वर्षा चौहान और अजय चौहान समेत अधिकारी और महिलाएं मौजूद रहीं।
Read full article on Bhaskar