top
झांसी में कार ने दंपती को रौंदा, महिला की मौत:मां से मिलकर बाइक से घर लौट रही थी, तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मारी
झांसी में बेकाबू कार ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। जहां पर इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। वह मायके में अपनी मां से मिलकर घर लौट रही थी। रास्ते में पीछे से तेज गति में आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दंपती लगभग 20 फीट दूर जा गिरे। महिला की मौत के बाद परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा सकरार थाना क्षेत्र के लुहारी टोल प्लाजा के पास हुआ है। 3 बेटियों की हो चुकी है शादी मृतका का नाम विद्यादेवी (48) पत्नी राजेश पाल था। वह मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के सिया गांव की रहने वाली थी। मृतका के देवर भागीरथ पाल ने बताया- मेरे बड़े भाई राजेश पाल क्लीनिक चलाते हैं। उनके 3 बेटियां भारती, आरती और साधना हैं। तीनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा नितेंद्र पाल अविवाहित है। भाभी विद्यादेवी का मायका उल्दन थाना क्षेत्र के सनौरा गांव में है। वहां उनकी मां रहती हैं, उनसे मिलने भाभी अक्सर मायके जाती थी। इलाज के दौरान मौत हुई देवर ने आगे बताया- रविवार को भाभी विद्यादेवी अपने पति राजेश पाल के साथ मायके गई थी। दोपहर में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे लुहारी टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो पीछे से तेज गति में आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों लगभग 20 फीट दूर जा गिरे और घायल हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से दोनों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। इलाज के दौरान सोमवार सुबह लगभग 10:30 बजे भाभी विद्यादेवी की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई का इलाज चल रहा है।
Read full article on Bhaskar