crime
कोनी में तीन चोरियां करने वाला गिरोह पकड़ा गया:4.81 लाख के जेवर बरामद, 3 आरोपी जेल भेजे, नाबालिग भी शामिल
बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 4 लाख 81 हजार 488 रुपए का सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले में शामिल एक नाबालिग को किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। तीन तारीखों में लगातार हुई थीं चोरियां कोनी थाना क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर को लगातार चोरी की घटनाएं हुई थीं। अज्ञात चोरों ने रात के समय मकानों का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर, नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। शिकायत मिलने के बाद कोनी थाने में मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की। CCTV और तकनीकी साक्ष्य से नाबालिग तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने चोरी वाली जगहों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नाबालिग ने अपने साथियों राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर तीनों चोरियां करना बताया। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तोड़ते थे ताले नाबालिग से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने भी वारदात करना स्वीकार किया। वे रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मकानों के ताले तोड़ते थे और अंदर घुसकर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान चोरी करते थे। 4.81 लाख की संपत्ति बरामद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मामलों में चोरी गया सामान बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी में 1 किलो 190 ग्राम चांदी के गहने, 12 ग्राम सोने के गहने, 2 मोटरसाइकिल, 1 ओप्पो मोबाइल फोन, 6,700 रुपए नकद और चोरी में इस्तेमाल लोहे का सब्बल शामिल है। बरामद सामान की कुल कीमत 4 लाख 81 हजार 488 रुपए बताई गई है। तीनों आरोपी जेल भेजे गए पुलिस के मुताबिक, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल नाबालिग को किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar