top
कानपुर GIC में अटल बिहारी ऑडिटोरियम बनकर तैयार:10 साल बनने में लगे, डीएम बोले- इसी महीने होगा लोकार्पण; 500 छात्रों की क्षमता
कानपुर के राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में 8.10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो गया है। करीब 500 छात्रों की बैठने की क्षमता वाले इस आधुनिक ऑडिटोरियम का इसी अगस्त माह में लोकार्पण कराया जाएगा। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इसी महीने ऑडिटोरियम का लोकार्पण होगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस है ऑडिटोरियम डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य किया जा रहा है। विद्यार्थियों और शिक्षकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस ऑडिटोरियम का निर्माण किया गया है। इसमें एसी, 500 छात्रों के बैठने की व्यवस्था के साथ आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्टेज तैयार किया गया है। कार्यक्रमों के बेहतर आयोजन के लिए आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था और साउंड सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके शुरू होने से विद्यालय में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, प्रतियोगिताओं तथा अन्य बड़े आयोजनों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ऑडिटोरियम की सीटिंग व्यवस्था, स्टेज, वातानुकूलन, लाइटिंग और साउंड सिस्टम सहित अन्य सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर उन्हें पूरी तरह से शुरू करने के साथ ही अगस्त माह में ऑडिटोरियम का लोकार्पण कराने के निर्देश दिए। ऑडिटोरियम बनने में लग गए 10 साल 8.10 करोड़ रुपये की यह परियोजना वर्ष 2016 में शुरू की गई थी, लेकिन बाद में निर्माण कार्य लंबे समय तक लंबित रहा। फरवरी 2025 में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को लटके प्रोजेक्ट की जानकारी होने पर उन्होंने मौका-मुआयना किया। इसके बाद बंद पड़े काम को तत्काल शुरू कराया और करीब एक साल में अब यह काम पूरा हो गया। इसके बाद निर्माण कार्य में तेजी आई और अब जाकर इसका काम पूरा हो सका। जीआईसी में अब हो सकेंगे बड़े आयोजन डीएम ने बताया कि ऑडिटोरियम के संचालन में आने से राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों को परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयोजन स्थल उपलब्ध होगा। विशेष रूप से विद्यार्थियों के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए 500 सीटों की क्षमता वाला यह वातानुकूलित ऑडिटोरियम महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में उपलब्ध होगा। इस दौरान एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar