crime
कानपुर में नहर की सफाई ने रोकी पानी की सप्लाई:गुजैनी वॉटर वर्क्स तीन दिन से बंद, 25 मोहल्लों के डेढ़ लाख लोग परेशान
कानपुर में लोअर गंगा कैनाल से पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण गुजैनी वॉटर वर्क्स पिछले तीन दिन से बंद पड़ा है। इससे दक्षिण के 25 मोहल्लों में रहने वाली डेढ़ लाख से अधिक की आबादी को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बर्रा, साकेतनगर, गोविंदनगर और जूही समेत कई इलाकों में लोगों को सरकारी सबमर्सिबल और नलकूप के सहारे गुजारा करना पड़ा। हालांकि, सिंचाई विभाग ने नहर की सफाई के लिए पानी रोका था, जिस वजह से वाटर वर्क्स को रॉ-वॉटर नहीं मिल रहा है। अब नहर में पानी छोड़ दिया गया है। प्रभावित इलाकों में मंगलवार से पानी की सप्लाई सामान्य होने लगेगी। दक्षिण के 25 मोहल्लों में पानी का संकट सिंचाई विभाग हर साल दीपावली से पहले छठ पूजा की तैयारियों को लेकर नहरों की सफाई कराता है। इसके लिए पानी की आपूर्ति बंद की जाती है। इस बार भी सिंचाई विभाग ने तीन दिन से सफाई के लिए एक सप्ताह का शटडाउन लिया था। इसके चलते लोअर गंगा कैनाल में पानी नहीं पहुंच सका और गुजैनी वॉटर वर्क्स को रॉ-वॉटर मिलना बंद हो गया। इस वजह से प्लांट से होने वाली पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई और दक्षिण क्षेत्र के बर्रा, साकेतनगर, गोविंदनगर, जूही सहित करीब 25 मोहल्लों में पानी की किल्लत हो गई। बैराज प्लांट और नलकूप चलाकर दी गई राहत पानी की किल्लत से लोगों को राहत देने के लिए जल निगम और जलकल ने वैकल्पिक इंतजाम किए। जिन इलाकों में बैराज से पानी की सप्लाई होती है, वहां बैराज प्लांट को अधिक समय तक चलाकर आपूर्ति की गई। वहीं, जल निगम ने इलाकों में ज्यादा समय तक पानी दिया। सरकारी नलकूप भी सामान्य से करीब तीन घंटे अधिक चलाए गए। जलकल की ओर से जरूरत वाले क्षेत्रों में टैंकर भी भेजे गए। इसके बावजूद कई इलाकों में लोगों को पानी के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। रोजाना 2.80 करोड़ लीटर पानी की सप्लाई गुजैनी वॉटर वर्क्स दक्षिण कानपुर के लिए पेयजल आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है। इस प्लांट से रोजाना करीब 2 करोड़ 80 लाख लीटर पानी की आपूर्ति होती है। इसके जरिए 18 वार्डों में पानी पहुंचाया जाता है। ऐसे में तीन दिन तक प्लांट बंद रहने से बड़ी आबादी प्रभावित हुई। अधिकारियों का कहना है कि नहर में पानी आने के बाद प्लांट चालू कर दिया गया है। मंगलवार से प्रभावित मोहल्लों में आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव ने कहा- दक्षिण के जिन इलाकों में बैराज से पानी की सप्लाई होती है, वहां बैराज प्लांट अधिक समय तक चलाकर लोगों को राहत दी गई है। मंगलवार से पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
Read full article on Bhaskar