top
कानपुर में दो अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार:1.50 लाख की शराब बरामद, हरियाणा से बिहार ले जा रहे थे
कानपुर में जीआरपी ने गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन से दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चार पिट्ठू बैग और झोलों में हरियाणा से शराब लेकर बिहार जा रहे थे। तलाशी में उनके पास से 33 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। जीआरपी ने बुधवार शाम करीब 6 बजे दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जीआरपी इंचार्ज ओमनारायण सिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस टीम गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चेकिंग कर रही थी। टीम हावड़ा छोर की ओर रेलवे पटरी के किनारे जांच कर रही थी। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान बिहार के सहरसा निवासी जिपेश कुमार (28) और रवि कुमार उर्फ दिवाकर (26) के रूप में हुई। चार बैग में छिपाकर रखी थी शराब तलाशी लेने पर चार पिट्ठू बैग और झोलों से शराब की बोतलें बरामद हुईं। इनमें 750 एमएल की इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की की 37 बोतल और 750 एमएल की सिग्नेचर रेयर एज्ड व्हिस्की की 8 बोतल शामिल हैं। जीआरपी के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी कानपुर सेंट्रल और जीआरपी अलीगढ़ जंक्शन में आबकारी अधिनियम की धारा 63 के तहत पहले से केस दर्ज हैं। हरियाणा से सस्ते में खरीदकर बिहार में बेचते थे जीआरपी की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे। वहां शराब की कीमत अधिक होने के कारण उसे महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। दोनों आरोपी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। जीआरपी ने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े लोगों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar