top
कुशीनगर में 270 तोते बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार:मस्जिद के पास छप्पर में छिपाकर रखे गए थे, पश्चिम बंगाल भेजे जाने की तैयारी थी
कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में वन विभाग और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने 270 जीवित तोते बरामद किए हैं। टीम ने तोतों की तस्करी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इन तोतों को मस्जिद के पास एक छप्पर में छिपाकर रखा गया था। इन्हें पश्चिम बंगाल भेजने की तैयारी थी। वन विभाग को अकबरपुर टोला बड़वा छापर में तोतों को अवैध रूप से रखे जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद कसया, पडरौना और खड्डा रेंज के वनकर्मियों और प्रवर्तन दल की एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने बुधवार रात करीब 10:30 बजे मस्जिद के पास एक छप्पर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान छप्पर में पिंजरों और अन्य साधनों में 270 जीवित तोते मिले। टीम ने सभी तोतों को सुरक्षित बचा लिया। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा शुरुआती पूछताछ में पता चला कि तोतों को स्थानीय बाजार से 1,000 से 1,500 रुपये में खरीदा जाता था। इन्हें पश्चिम बंगाल में ज्यादा कीमत पर बेचने की योजना थी। गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह पहले भी इसी रास्ते से तोतों की खेप बंगाल भेज चुका है। वन विभाग को शक है कि इस तस्करी में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। टीम अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगा रही है। डीएफओ ने बताया कि इस मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बचाए गए सभी 270 तोतों को पडरौना रेंज को सौंप दिया गया। इसके बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया गया। फिर वन विभाग ने इन पक्षियों को खुले वातावरण में छोड़ दिया। DFO वरुण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुबारक, निवासी अकबरपुर टोला बड़वा छापर, थाना नेबुआ नौरंगिया के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Read full article on Bhaskar