top
खंडासा में दो युवतियों की मौत:एक की सड़क हादसे में जान गई, बेहोश होकर गिरी लड़की ने दम तोड़ा
अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवतियों की मौत हो गई। इनमें से एक युवती की सड़क हादसे में जान चली गई, जबकि दूसरी की मौत संदिग्ध हालात में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है। पहली घटना खुतहा के पास हुई। रायपट्टी गांव के रंजीत कुमार मंगलवार 22 सितंबर को अपनी 21 साल की बहन पिंकी को बाइक पर बैठाकर खंडासा जा रहे थे। खुतहा के पास मोहाली चौराहे की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिंकी बाइक से सड़क पर गिर गई और डंपर की चपेट में आने से उसके दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिंकी को एंबुलेंस से सीएचसी खंडासा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष कमलेश सरोज ने बताया कि डंपर चालक रियाज अहमद (निवासी भेसवा सरकारी, थाना रविंद्र नगर घोष, कुशीनगर) को पकड़ लिया गया है। डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दूसरी घटना सिडसिड गांव में हुई, जहां शिवसागर की 20 साल की बेटी मोहिनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मोहिनी खेत से काम कर लौटते समय अज्ञात कारणों से गिरकर बेहोश हो गई थी। परिजन उसे सीएचसी मिल्कीपुर ले गए, जहां सल्फास खाने की बात सामने आई। मोहिनी की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि मोहिनी की तबीयत तीन-चार दिन से खराब थी। इस घटना को लेकर गांव में अलग-अलग बातें हो रही हैं। सीओ मिल्कीपुर पियूष पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ होगा।
Read full article on Bhaskar