top
लखनऊ में कैटल कैचर टीम पर पथराव, पकड़-पकड़कर पीटा:चौकी प्रभारी समेत 4 कर्मी घायल, नगर निगम के 4 वाहनों को तोड़ डाला
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की आदर्श विहार और जनता विहार कॉलोनी में रविवार को अवैध रूप से पाले जा रहे पशुओं को पकड़ने पहुंची नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर पशुपालकों ने हमला कर दिया। टीम ने 18 भैंसों को पकड़कर वाहन में चढ़ाना शुरू किया तो कुछ घोसियों और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद टीम और सरकारी वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया गया। सुरक्षाकर्मियों को लोगों ने पकड़-पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। हमले में नगर निगम के तीन कर्मी और बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल घायल हो गए। चौकी प्रभारी के सिर में गंभीर चोट आई है। पथराव में नगर निगम के चार सरकारी वाहनों के आगे के शीशे भी टूट गए। 2 तस्वीरें देखिए- शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी टीम नगर निगम के पशु कल्याण विभाग को जनता विहार, आदर्श विहार और गढ़ियाना के मैदान समेत आसपास के इलाकों में अवैध रूप से पशु पालने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के आधार पर कैटल कैचर टीम पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के साथ रविवार को कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीम ने जैसे ही पशुओं को पकड़ना शुरू किया, पशुपालकों ने विरोध कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लोगों ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला करने के साथ पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया घटना की सूचना मिलते ही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अभिनव वर्मा, प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने हस्तक्षेप कर नगर निगम कर्मचारियों और अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की तहरीर पर पथराव, हमला और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar