top
लखनऊ में शिक्षक गरिमा सम्मेलन की तैयारी बैठक:4 अक्टूबर को होगा राज्य स्तरीय अधिवेशन, 4 हजार शिक्षक होंगे शामिल
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित गायत्री शक्तिपीठ में प्रांतीय शिक्षक गरिमा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें अयोध्या, नैमिष और लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से गायत्री शक्तिपीठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में 4 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय शिक्षक अधिवेशन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। आयोजन में प्रदेशभर से करीब 4 हजार शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है। शांतिकुंज हरिद्वार के उत्तर जोन प्रभारी परमानंद द्विवेदी और भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के राम यश तिवारी ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से बच्चों में नैतिक शिक्षा, संस्कार, सद्गुण और संवेदना का विकास करना है। प्रान्तीय शिक्षक गरिमा कार्यशाला का आयोजन आगामी 4 अक्टूबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक किया जाएगा, जिसमें देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज, हरिद्वार के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या मुख्य रूप से शामिल होंगे छात्रों में नैतिक और बौद्धिक विकास पर ध्यान की जरूरत उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों और छात्रों के नैतिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। शिक्षक विद्यालयों में इन मूल्यों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बैठक में शिक्षकों के स्वागत और सम्मान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेशभर से आने वाले शिक्षक सम्मेलन से प्रेरणा लेकर लौटें और उसका लाभ अपने विद्यार्थियों तक पहुंचाएं। अधिवेशन में मंथन किया जाएगा वक्ताओं ने कहा कि भारत को फिर से विश्व गुरु के रूप में स्थापित करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। युग निर्माण के इस कार्य में शिक्षक किस तरह योगदान दे सकते हैं, इस पर भी अधिवेशन में मंथन किया जाएगा। बैठक में गायत्री शक्तिपीठ गोमतीनगर विस्तार के मुख्य ट्रस्टी शिव शंकर मिश्रा, सुरेंद्र सिंह, दिनेश यादव, जिला समन्वयक अतुल सिंह समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar