crime
लूट और मारपीट में घायल बुजुर्ग महिला की मौत:संभल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, बाइक सवारों ने नाक की लॉन्ग लूटी; 1 आरोपी जेल में बंद
संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिहावली गांव में लूट और मारपीट की घटना में घायल 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान रविवार दोपहर मौत हो गई। महिला का मुरादाबाद के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। मौत के बाद परिजन शव को गांव लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने उनकी मांग पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मृतका की पहचान सिहावली गांव निवासी इमरती देवी (80) पत्नी श्योराज के रूप में हुई है। उनके पोते अशोक सिंह ने बताया कि 30 जून को उनकी दादी घर के बाहर चारपाई पर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो लोग वहां पहुंचे और पानी मांगा। इमरती देवी पानी देने के लिए उठीं तो आरोप है कि दोनों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। नाक से सोने की लॉन्ग लूटी परिजनों के मुताबिक, बाइक सवारों ने बुजुर्ग महिला की नाक से सोने की लॉन्ग लूट ली। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। हमले में महिला के शरीर पर चोटें आईं और दाहिने हाथ की हड्डी व पसली टूट गई। गंभीर हालत में उन्हें मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब डेढ़ महीने से उनका उपचार चल रहा था। 17 दिन पहले आरोपी गिरफ्तार पोते अशोक सिंह की शिकायत पर रजपुरा थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने 7 अगस्त को सिहावली गांव निवासी मोनू उर्फ मन्नू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। रविवार दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान इमरती देवी की मौत हो गई। परिजन शव को गांव लेकर आए और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि महिला के साथ लूटपाट और मारपीट की घटना हुई थी। मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar