crime
मंगलनाथ मंदिर में VIP एंट्री को लेकर झड़प:बच्चे को फीडिंग के लिए जगह देने के बाद पति को रोका, कहासुनी का वीडियो वायरल
उज्जैन के प्रसिद्ध मंगलनाथ मंदिर में सोमवार दोपहर वीआईपी गेट से एंट्री को लेकर एक परिवार और मंदिर कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, मंदिर प्रबंधन ने इसे बड़ी मारपीट की घटना मानने से इनकार किया है। दोनों पक्षों ने पुलिस में कोई शिकायत नहीं की है। मंदिर प्रशासक केके पाठक के मुताबिक, दर्शनार्थी परिवार की एक महिला लगभग 4-6 महीने के बच्चे के साथ सामान्य दर्शन की लाइन में लगी थी। भीड़ की वजह से बच्चा घबराने लगा। यह देखकर मंदिर के जवान ने बच्चे को गोद में लेकर महिला को लाइन से बाहर निकाला। उन्हें पास बनी सीमेंट की बेंच पर बच्चे को दूध पिलाने के लिए जगह दी गई। इसी बीच, महिला के पति बच्चे और पत्नी को लेकर वीआईपी गेट से दर्शन के लिए जाने लगे। वहां मौजूद कर्मचारी ने उन्हें रोका और वीआईपी दर्शन के लिए तय 100 रुपए प्रति व्यक्ति की रसीद के बारे में बताया। इसी बात पर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच झड़प होती दिख रही है। प्रशासक पाठक ने बताया कि शायद गलतफहमी की वजह से यह विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जगह होने की वजह से ऐसी बातें कभी-कभी हो जाती हैं। बाद में दोनों पक्षों को समझाया गया और दर्शनार्थी परिवार को आराम से दर्शन कराए गए। परिवार खुश होकर मंदिर से चला गया। दोनों पक्षों ने किसी के खिलाफ शिकायत नहीं की है।
Read full article on Bhaskar