crime
महोबा में युवक की संदिग्ध हालत में मौत:परिजनों ने प्रधान के भाई सहित तीन पर लगाया हत्या का आरोप
महोबा के महोबकंठ थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में 30 वर्षीय धर्मेंद्र उर्फ बबलू का शव सड़क पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। परिजनों ने चुनावी रंजिश के चलते प्रधान के भाई और उनके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत शराब के नशे में हुए एक विवाद से हुई। धर्मेंद्र गांव के ही धूराम के साथ बहस कर रहा था, जिसके बाद दोनों में मारपीट हो गई। विवाद बढ़ता देख धूराम के पिता प्यारेलाल अहिरवार ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। अंदरूनी चोटों से मौत की आशंका पुलिस के बीच-बचाव के बाद धूराम अपने घर चला गया, जबकि धर्मेंद्र पंचायत भवन की ओर बढ़ गया। कुछ ही देर बाद धर्मेंद्र रास्ते में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस मारपीट के दौरान आई अंदरूनी चोटों से मौत की आशंका जता रही थी। हालांकि, मृतक की बहन फूलवती और साले देवेंद्र कुमार राजपूत ने सीधे तौर पर चुनावी रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि गांव के प्रधान के भाई और उनके सहयोगियों ने साजिश रचकर धर्मेंद्र को मौत के घाट उतारा है। बहन फूलवती ने बताया कि पूर्व में हुए एक हत्याकांड में उनके पिता और भाई सहित परिवार के पांच लोगों को रंजिश के तहत फंसाकर जेल भेज दिया गया था। उनके अनुसार, घर में अकेला धर्मेंद्र ही बाहर बचा था, जिसे अब रास्ते से हटा दिया गया है।
Read full article on Bhaskar