top
मोहनलालगंज में 70 बीघे की अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर:लखनऊ ग्रीन सिटी समेत पांच अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, बिना ले-आउट मंजूरी के हो रहा था निर्माण
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। एलडीए की प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने मोहनलालगंज क्षेत्र में अभियान चलाकर करीब 70 बीघे में की जा रही पांच अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इनमें लखनऊ ग्रीन सिटी भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान निजी विकासकर्ताओं की ओर से मौके पर किए गए अवैध निर्माण और अन्य ढांचों को बुलडोजर से गिराया गया। बिना ले-आउट स्वीकृति के काटे जा रहे थे प्लॉट एलडीए के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के मुताबिक, यह कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर की गई। टीम ने मोहनलालगंज के ग्राम मऊ और अतरौली में अभियान चलाया। यहां प्रवीण त्रिपाठी, अमित सिंह (लखनऊ ग्रीन सिटी), अरुण कुमार, कैप्टन अशोक सिंह, हरेंद्र सिंह, एसके त्रिपाठी समेत अन्य लोगों की ओर से करीब 70 बीघा क्षेत्रफल में पांच अलग-अलग स्थानों पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। जोनल अधिकारी ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं का ले-आउट एलडीए से स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसके बावजूद जमीन पर प्लॉट काटकर विकास कार्य किए जा रहे थे। न्यायालय के आदेश के बाद हुई कार्रवाई एलडीए के मुताबिक, अवैध प्लाटिंग के खिलाफ विहित न्यायालय में वाद दाखिल किए गए थे। सुनवाई के बाद न्यायालय ने इन अवैध निर्माणों और प्लाटिंग को ध्वस्त करने के आदेश दिए थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में गुरुवार को प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। एलडीए ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत ले-आउट के की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar