crime
मेरठ में कांवड़ हादसे में घायल रंजना की मौत:दोनों पैरों में चोट लगी थी, आईसीयू में थीं भर्ती; बाकी घायलों की हालत में सुधार
मेरठ में हुए हादसे में घायल रंजना की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद कुल 15 घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इनमें पांच को मामूली चोटें आई थीं। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं, घायल चंद्रपाल की शनिवार को ही इलाज के दौरान मौत हो गई थी। रंजना की हालत हादसे के बाद से ही गंभीर बनी हुई थी। उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। हालत नाजुक होने के चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। रविवार को हालत और बिगड़ने पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बाकी घायलों की हालत में धीरे-धीरे सुधार मेडिकल कॉलेज में भर्ती बाकी घायलों की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उपचार के बाद जिन घायलों की हालत में सुधार हो रहा है, उन्हें स्थिति के अनुसार अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा रहा है। घायलों के परिजन भी अस्पताल में मौजूद हैं। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के टैंक चौराहे पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़ी कांवड़ियों की पिकअप में टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और आगे जाकर हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकराकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। हरिद्वार से एटा लौट रहा था जत्था एटा के सेनाकला गांव से करीब 40 कांवड़ियों का जत्था 12 अगस्त को हरिद्वार गया था। गुरुवार को हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर जत्था डाक कांवड़ के रूप में एटा लौट रहा था। शुक्रवार रात टैंक चौराहे के पास हादसा हो गया।
Read full article on Bhaskar