top
मसूरी में 7.4 किलो ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:डीएमई अंडरपास के पास से पकड़े गए, दिल्ली से लाकर बेचते थे पुड़िया
गाजियाबाद के मसूरी थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 7.4 किलोग्राम अवैध ड्रग्स बरामद की है। दोनों आरोपी मसूरी क्षेत्र के रहने वाले हैं और दिल्ली से ड्रग्स लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर राह चलते लोगों को बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को मसूरी थाना पुलिस टीम डीएमई अंडरपास के नजदीक चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7.4 किलोग्राम ड्रग्स बरामद हुई। आरोपियों की पहचान आजाद निवासी बड़का आरिफपुर, मसूरी और रोहित उर्फ विराज निवासी बड़का आरिफपुर, मसूरी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से चोरी-छिपे ड्रग्स लेकर गाजियाबाद आते थे। इसके बाद ड्रग्स की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर राह चलते लोगों को अधिक कीमत पर बेचते थे। इससे होने वाली कमाई से दोनों अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने बरामद ड्रग्स को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही ड्रग्स कहां से लाई जाती थी और इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाता था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Read full article on Bhaskar