top
मथुरा में एनसीसी कैडेट्स का ड्रोन प्रशिक्षण:कर्नल सूरज सिन्हा ने उद्घाटन किया, 41 कैडेट्स ले रहे भाग
मथुरा में 11 यू.पी. बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित CATC-48 ड्रोन प्रशिक्षण शिविर (31 अगस्त से 09 सितंबर 2026) के अंतर्गत शिविर के दूसरे दिन 63 इंजीनियर रेजिमेंट में सैन्य गरिमा एवं अनुशासन के साथ ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर कैंप कमांडेंट कर्नल विक्रांत त्यागी सेना मेडल के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन संबोधन 63 इंजीनियर रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सूरज सिन्हा द्वारा दिया गया। उन्होंने सभी कैडेट्स का स्वागत करते हुए आधुनिक युग में ड्रोन तकनीक के महत्व, प्रशिक्षण के उद्देश्यों तथा इसके व्यावहारिक एवं सामरिक उपयोगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिविर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए कुल 41 एनसीसी कैडेट्स सहभागिता कर रहे हैं। उद्घाटन सत्र के दौरान कैडेट्स को प्रशिक्षण कार्यक्रम की दैनिक समय सारिणी तथा शिविर की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कैडेट्स को अवगत कराया गया कि 3 सितंबर 2026 को स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा। स्क्रीनिंग टेस्ट एवं अंतिम परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 श्रेष्ठ कैडेट्स का चयन उन्नत ड्रोन प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। कर्नल सूरज सिन्हा ने कैडेट्स को प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समयपालन, एकाग्रता एवं पूर्ण सहभागिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक वर्तमान समय में एक महत्वपूर्ण तकनीकी क्षमता के रूप में उभर रही है तथा इस क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर एनसीसी कैडेट्स अपने तकनीकी कौशल का विकास करने के साथ-साथ भविष्य में उपलब्ध होने वाले नए अवसरों का लाभ भी उठा सकेंगे। इस अवसर पर मेजर वैभव मिश्रा, कैंप एडजुटेंट कैप्टन गोविंद, ट्रेनिंग ऑफिसर हुकम सिंह प्रजापति, सूबेदार मेजर राजविंदर सिंह, सूबेदार तेजिंदर गुरंग सहित अन्य जेसीओ एवं एनसीओ उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar