crime
मंदसौर में ओवरब्रिज से गिरकर ऊंट की मौत:नगर पालिका की मदद से हुआ अंतिम संस्कार; ब्रिज पर जाली लगाने की मांग
मंदसौर शहर के सीतामऊ फाटक ओवरब्रिज पर बुधवार को हादसे में एक ऊंट की मौत हो गई। राजस्थान के रेबारी समाज के लोग ऊंटों को लेकर ब्रिज से गुजर रहे थे। तभी सामने से तेज गति से आ रहे वाहन को देखकर एक ऊंट घबरा गया। संतुलन बिगड़ने से ब्रिज से नीचे गिर गया। इसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गौ आरोग्य सेवा समिति के अध्यक्ष ओम बड़ोदिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि शैलेंद्र गिरी गोस्वामी और ऊंट के मालिक के साथ नगर पालिका प्रशासन से संपर्क किया। इसके बाद नगर पालिका की जेसीबी और ट्रैक्टर मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर की मदद से मृत ऊंट को दुर्घटनास्थल से खुले स्थान पर पहुंचाया गया। खुले स्थान पर जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदा गया। इसके बाद धार्मिक रीति-रिवाज के साथ ऊंट का अंतिम संस्कार किया गया। सुरक्षा जाली लगाने की मांग ओम बड़ोदिया ने हादसे पर दुख जताते हुए वाहन चालकों से शहर के मुख्य मार्गों और राजमार्गों पर रफ्तार कम रखने की अपील की। उन्होंने प्रशासन से सीतामऊ फाटक ओवरब्रिज के दोनों ओर सुरक्षा जाली लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
Read full article on Bhaskar