crime
मधुबनी में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई:95 स्थानों पर छापेमारी में 11 को गिरफ्तार किया, 405 किलो शराब घोल नष्ट किए
मधुबनी उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत रविवार को जिले के 95 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान शराब से जुड़े मामलों में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में पांच शराब तस्कर और छह शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति शामिल हैं। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने सोमवार शाम बताया कि रविवार को जिलेभर में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 42 लीटर देसी शराब और शराब तस्करी में प्रयुक्त एक वाहन भी जब्त किया गया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी एवं छापेमारी अभियान जारी रहेगा। अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब निर्माण के विरुद्ध ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में ड्रोन टीम ने खीरहर थाना क्षेत्र के हिसार तथा बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर में निगरानी के दौरान शराब निर्माण से पहले तैयार किए जा रहे अर्धनिर्मित शराब के घोल का पता लगाया। दोनों स्थानों से कुल 405 किलोग्राम अर्धनिर्मित शराब का घोल बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। विशेष रूप से ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है, ताकि शराब निर्माण के ठिकानों का शीघ्र पता लगाया जा सके। अधीक्षक ठाकुर ने यह भी बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और विभाग द्वारा शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाया जाएगा।
Read full article on Bhaskar