lifestyle
मेरठ-बलराम छठ पूजा को लेकर पीस कमेटी की बैठक:दोनों पक्ष अलग-अलग समय पर चढ़ाएंगे प्रसाद, मंदिर में नहीं करेंगे अनुष्ठान
मेरठ के ऐतिहासिक भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में 17 सितंबर 2026 को होने वाली भगवान श्री बलराम की छठ पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंदिर में दो पक्षों के बीच विवाद की आशंका को देखते हुए थाना सदर बाजार में पीस कमेटी की बैठक हुई। यह बैठक अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, क्षेत्राधिकारी कैंट, तहसीलदार सदर और प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार की मौजूदगी में हुई। इसमें रिसीवर तहसीलदार सदर और मंदिर समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि मंदिर के वर्तमान अस्थाई पुजारी अश्वनी शर्मा ही भगवान बलराम की छठ पूजा में प्रसाद अर्पित करेंगे। पूर्व पुजारी पंडित गणेश दत्त शर्मा पक्ष और विजय गोयल-राजेंद्र वर्मा समिति पक्ष का प्रसाद भी उन्हीं के जरिए नियमानुसार और पूरे अनुष्ठान के साथ चढ़ाया जाएगा। फैसले के अनुसार, कोई भी पक्ष मंदिर में बैठकर किसी प्रकार का अनुष्ठान नहीं करेगा। प्रसाद चढ़ाते समय कोई भी पक्ष दूसरे को रोकेगा या हूटिंग नहीं करेगा। एक पक्ष के प्रसाद अर्पित करने के बाद वह तुरंत परिसर खाली कर देगा, ताकि दूसरा पक्ष आकर प्रसाद चढ़ा सके। 12:30 से 1:30 बजे तक पहला पक्ष चढ़ाएगा प्रसाद तय समय के अनुसार, पंडित गणेश दत्त शर्मा पक्ष दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक भगवान को प्रसाद अर्पित करेगा। इसके बाद वह मंदिर परिसर खाली कर देगा। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक मंदिर समिति के सदस्य राजेंद्र वर्मा, विजय गोयल और गणेश अग्रवाल आदि भगवान को प्रसाद अर्पित करेंगे। अस्थाई पुजारी अश्वनी शर्मा को निर्देश दिया गया है कि जब एक पक्ष पूजा कर रहा हो, उस दौरान दूसरे पक्ष को आमंत्रित न करें। वह पूरे दिन गर्भगृह में खुद मौजूद रहेंगे।
Read full article on Bhaskar