crime
नालंदा- जिलाधिकारी का मीटिंग विद द प्रेस:डीएम का अवैध क्लिनिकों पर कड़ा एक्शन, छठ महापर्व में 'जीरो ड्राउनिंग' का लक्ष्य तय
नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने समाहरणालय में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों के साथ एक विशेष बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल औपचारिक प्रेस ब्रीफिंग नहीं, बल्कि प्रशासन और प्रेस के बीच का सीधा संवाद है, जो अब हर महीने नियमित रूप से आयोजित होगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करना, शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर सीधा फीडबैक लेना और सामाजिक मुद्दों पर मिलकर काम करना रहा। इस दौरान डीएम ने सभी पत्रकारों से जिले की प्रमुख समस्याओं को लिखित रूप में देने का आग्रह भी किया। फर्जी नर्सिंग होम पर सख्त रुख, प्रसव के दौरान मौतों पर जताई चिंता बैठक में अवैध नर्सिंग होम और क्लीनिकों का मुद्दा गंभीरता से उठा। डीएम ने बताया कि एकंगरसराय और इस्लामपुर जैसे ग्रामीण इलाकों में गैर-पंजीकृत नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान महिलाओं की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त और सुरक्षित व्यवस्था होने के बावजूद लोग दलालों के बहकावे में आकर अपनी जान और धन दोनों गंवा बैठते हैं। डीएम ने घोषणा की कि 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत जिले में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड और फर्जी मैटरनिटी सेंटरों की सही जानकारी देने वाले पत्रकारों या नागरिकों को नकद इनाम और सम्मान दिया जाएगा। साथ ही, मॉडल अस्पताल में सक्रिय बिचौलियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। छात्राओं से छेड़खानी के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील महिला एवं बालिका सुरक्षा पर बोलते हुए डीएम ने कहा कि विद्यालयों में संवाद के दौरान यह बात सामने आई है कि छात्राओं को कई जगहों पर छेड़खानी या असहज स्थितियों का सामना करना पड़ता है, जिसे वे संकोचवश छुपा लेती हैं। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएं ताकि बच्चियों में निडरता आए और वे 112 या हेल्पलाइन पर बिना डर शिकायत दर्ज करा सकें। सड़क सुरक्षा पर डीएम ने बताया कि प्रशासन की सख्ती से सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 40 प्रतिशत की कमी आई है और मौतों का आंकड़ा 30 से घटकर 17 रह गया है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य इसे शून्य करना है और इसी तर्ज पर छठ महापर्व के दौरान भी सभी अंचलों को घाटों पर डूबने से होने वाली मौतों को रोकने के लिए 'जीरो ड्राउनिंग' के कड़े निर्देश दिए गए हैं। छठ घाट, जर्जर सड़क, पेयजल और बिजली से जुड़े मुद्दों पर तुरंत निर्देश पत्रकारों ने शहर की नागरिक समस्याओं की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया, जिस पर डीएम ने त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। इमामपुर छठ घाट की गाद उड़ाने, बाबा मणिराम अखाड़ा से पटेल कॉलेज के पीछे की अधूरी सड़क का निर्माण कराने और नालों पर टूटे ढक्कन बदलने के निर्देश दिए गए। बिहारशरीफ ओवरब्रिज में जलजमाव रोकने के लिए 20 लाख रुपये के टेंडर के बाद एजेंसी को काम सौंपे जाने और नूरसराय फ्लाईओवर की मरम्मत की जानकारी दी गई। इसके अलावा रानी मार्केट के पास नल-जल से आ रहे दूषित पानी की समस्या, नई सराय में जलापूर्ति, शहर की बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और खंदकपर में 11 केवीए के नए बिजली केबल को बदलने के निर्देश दिए गए। पत्रकारों की ओर से नवनिर्मित प्रेस क्लब के शीघ्र लोकार्पण की मांग पर डीएम ने मुख्यालय से गाइडलाइन मंगाकर प्रक्रिया जल्द पूरी करने का भरोसा दिया।
Read full article on Bhaskar