top
औरंगाबाद बैराज रोड पर मिला अज्ञात युवक का शव:जेब से गांजा बरामद, पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी
मथुरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र में औरंगाबाद-गोकुल बैराज रोड पर एक अज्ञात युवक का शव झाड़ियों में मिला है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे यूके पब्लिक स्कूल के पास यह शव मिलने से इलाके में भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। युवक ने काले रंग की पैंट और स्लेटी रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसकी जेब से कोई पहचान पत्र या दूसरे दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान युवक की जेब से गांजा भी मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस को लग रहा है कि युवक गोकुल बैराज के ऊपर सड़क से नीचे झाड़ियों में गिर गया होगा। गिरने से गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत होने की संभावना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर शेयर कर पहचान कराने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है। इससे युवक के वहां पहुंचने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस मामले की जांच में लगी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी।
Read full article on Bhaskar