crime
पंचदेव मंदिर के तालाब की बदहाल स्थिति ने छठ व्रतियों की बढ़ाई चिंता
भास्कर न्यूज | ब्रह्मपुर ब्रह्मपुर प्रखंड के रघुनाथपुर स्थित पंचदेव मंदिर के तालाब की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तालाब में जगह-जगह कूड़ा-कचरा जमा होने से पानी प्रदूषित हो गया है। छठ महापर्व नजदीक होने के बावजूद अब तक साफ-सफाई न कराए जाने से यहाँ पूजा करने वाले सैकड़ों परिवारों के सामने असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। श्रद्धालुओं को डर है कि समय पर सफाई न होने से उन्हें गंदगी के बीच ही भगवान सूर्य को अर्घ्य देना पड़ेगा। धार्मिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण है यह तालाब : स्थानीय लोगों के अनुसार, पंचदेव मंदिर का यह तालाब धार्मिक और सामाजिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है। आसपास के सैकड़ों परिवार हर साल छठ महापर्व पर इसी तालाब के घाट पर अर्घ्य अर्पित करते हैं और यहाँ भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में तालाब की मौजूदा दुर्दशा ने पूजा की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल कार्रवाई की मांग : स्थानीय ग्रामीण मनीष कुमार, प्रभु मिश्रा और सोनू दुबे का कहना है कि लगातार कचरा फेंके जाने और उपेक्षा के कारण तालाब का पानी दूषित हो गया है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से तालाब की सफाई कराने, कचरा हटाने, पानी को साफ करने और घाटों की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि व्रतियों को सुविधा हो सके।
Read full article on Bhaskar