crime
पिकअप में 2420 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ पकड़ा:11 ड्रमों में भरकर पलवल से ला रहा था चालक, न बिल मिला न लाइसेंस; आरोपी गिरफ्तार
पापड़ी टोल के पास गश्त के दौरान किशनगढ़बास पुलिस ने पेट्रोलियम पदार्थ से भरी पिकअप को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन से 11 नीले ड्रमों में भरा करीब 2420 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया। चालक के पास इसके परिवहन और खरीद-बिक्री से संबंधित कोई बिल, लाइसेंस या अन्य वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने पिकअप जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पलवल से अलवर की ओर ले जा रहा था पदार्थ किशनगढ़बास थाना प्रभारी व प्रशिक्षु आरपीएस नेहा मीना ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पलवल, हरियाणा से एक पिकअप में पेट्रोलियम पदार्थ भरकर अलवर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गश्त के दौरान पापड़ी टोल के पास पिकअप को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप में 11 नीले ड्रम मिले। इनमें कुल करीब 2420 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था। 85 रुपए प्रति लीटर में खरीदने की बात पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान साजिद खान पुत्र उमर मोहम्मद निवासी सालपुर का बास, तहसील मालाखेड़ा, जिला अलवर के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार साजिद ने बताया कि वह पलवल, हरियाणा से करीब 85 रुपए प्रति लीटर की दर से पेट्रोलियम पदार्थ खरीदकर ला रहा था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह पूरा पदार्थ आगे किसी व्यक्ति को बेचने के लिए ले जा रहा था। न बिल मिला, न परिवहन का लाइसेंस पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन साजिद खान के नाम पर पंजीकृत है और वह स्वयं वाहन चला रहा था। जांच के दौरान उसके पास पेट्रोलियम पदार्थ की खरीद-बिक्री या परिवहन से संबंधित कोई बिल, लाइसेंस अथवा अन्य वैध दस्तावेज नहीं मिला। सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे मामले की सूचना मिलने पर जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने बरामद पदार्थ के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद बरामद पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। बरामद 11 ड्रमों को सुरक्षित रूप से थाने के मालखाने में रखवाया गया है। खरीद-बिक्री के नेटवर्क की जांच मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच एसआई अशोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पेट्रोलियम पदार्थ पलवल में किस व्यक्ति से खरीदकर ला रहा था और इसे आगे किसे बेचा जाना था। पुलिस पूरे खरीद-बिक्री नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar