crime
पॉक्सो केस में गवाही के बाद परिवार को दी धमकी:एसपी के आदेश पर FIR दर्ज; बेटी से गाली-गलौज का भी आरोप लगाया
शामली में पॉक्सो मामले में गवाही देने के बाद पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। एसपी एनपी सिंह के आदेश पर बुधवार रात 11:46 बजे आदर्श मंडी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गवाही न देने के लिए दबाव बनाने का आरोप पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिजन गवाही न देने के लिए दबाव बना रहे थे। उन्होंने व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज के जरिए धमकाया। साथ ही बेटी के शिक्षण संस्थान के पास गाली-गलौज भी की। पीड़ित ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि शामली निवासी अभिनव के खिलाफ वर्ष 2024 में आदर्श मंडी थाने में छेड़छाड़ और अभद्रता के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला पॉक्सो न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाने में एक अन्य मामला भी दर्ज है। न्यायालय में गवाही देने जाने के बाद से आरोपी और उसके परिजन उन पर दबाव बना रहे हैं। बेटे और बेटी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप पीड़ित का आरोप है कि 14 अक्टूबर को आरोपी ने उनके बेटे को व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज करके पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। अगले दिन, 15 अक्टूबर को बेटी को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि मेरठ में बेटी के शिक्षण संस्थान के पास भी गाली-गलौज की गई। पिस्टल के फोटो-वीडियो दिखाकर डराने का आरोप पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने अवैध पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो दिखाकर परिवार को खत्म करने की धमकी दी। उनके मुताबिक, डर के कारण बेटी को पढ़ाई के लिए बाहर भेजना पड़ा और उसने अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया। आरोप है कि इसके बाद भी धमकियां मिलती रहीं। आदर्श मंडी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar