crime
पीलीभीत में शराब पार्टी में चली थी गोली:तमंचे की टेस्टिंग के दौरान फायर हुआ था, पुलिस को बताई थी झूठी कहानी
पीलीभीत के बीसलपुर में आउटसोर्सिंग कर्मचारी धर्मेंद्र कुमार को गोली लगने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। घायल धर्मेंद्र ने पुलिस को मंदिर दर्शन और दो पक्षों के विवाद के दौरान गोली लगने की कहानी बताई थी, लेकिन जांच में यह कहानी झूठी निकली। पुलिस के मुताबिक, शराब पार्टी के दौरान नया अवैध तमंचा टेस्ट करते समय अचानक ट्रिगर दब गया और गोली धर्मेंद्र के सीने में जा लगी। शराब पार्टी में तमंचा चेक करते समय चली गोली पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, सुभाष पार्क की देखभाल करने वाला धर्मेंद्र कुमार शुक्रवार रात अपने साथी विक्रम जायसवाल और एक अन्य व्यक्ति के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान एक साथी नया तमंचा खरीदकर लाया था। पार्टी के बीच तमंचे को चेक किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई, जो सीधे धर्मेंद्र के सीने में जा लगी। घटना छिपाने के लिए गढ़ी मंदिर जाने की कहानी गोली लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, घटना को छिपाने के लिए धर्मेंद्र ने मनगढ़ंत कहानी बताई कि वह गुलेश्वर नाथ मंदिर दर्शन करने जा रहा था। रास्ते में दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा था और इसी दौरान उसे गोली लग गई। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की थी, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना करीब चार घंटे बाद रात 12 बजे दी गई। सूचना देने में हुई देरी और घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस को शुरुआत से ही मामला संदिग्ध लगा। बरेली के निजी अस्पताल में इलाज जारी गोली लगने के बाद धर्मेंद्र को पहले सीएचसी बीसलपुर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है। तमंचा कौन लाया, गोली किसके हाथ से चली? कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने शनिवार शाम मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर जाने और रास्ते में विवाद के दौरान गोली लगने की कहानी मनगढ़ंत थी। प्राथमिक जांच में शराब पार्टी के दौरान तमंचे की टेस्टिंग करते समय गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध तमंचा कौन खरीदकर लाया था और गोली किसके हाथ से चली। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar