crime
पौने दो किलो गांजे के साथ युवक पकड़ाया:तीन दिन में दूसरी कार्रवाई, ओडिशा के चार आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
बालाघाट। लांजी पुलिस ने तीन दिनों में गांजे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में कुम्हारी कला निवासी मुकेश कालबेले को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त किया। मुकेश को पहले पकड़े गए चार आरोपियों से पूछताछ के बाद पकड़ा गया। दरअसल, पुलिस ने 10 सितंबर को 27 किलो गांजे के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। ये आरोपी ओडिशा के सालगुडा निवासी प्रबीर मलिक (24), दिलीप कहार (35), सोनारसिंह (35) और संदीप मलिक (30) थे। ये सभी महाराष्ट्र के आमगांव रेलवे स्टेशन से ऑटो से लांजी आ रहे थे। पकड़े गए आरोपियों के पास तीन बैग में ज्यादा गांजा था, जबकि चौथे बैग में कम गांजा मिला। इस अंतर को लेकर पूछताछ में मुकेश कालबेले का नाम सामने आया। आरोपियों ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले मुकेश उनसे गांजे का सैंपल लेकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप चैट की जांच की। इसी आधार पर पुलिस टीम ने कुम्हारी कला में मुकेश के घर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसके घर से 1 किलो 700 ग्राम गांजा मिला। इसके बाद मुकेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। मुकेश की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में कुल आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। पुलिस अब आरोपियों के बीच संपर्क, गांजे की सप्लाई और स्थानीय स्तर पर जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar