crime
पन्ना में नाले में बहा 14 साल का छात्र:गढ़ी पड़रिया में हादसा, SDRF टीम कर रही रेस्क्यू
पन्ना जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण एक हादसा हो गया। देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र के गढ़ीपड़रिया गांव में गुरुवार को 14 साल का दिव्यांशु शुक्ला नाले के तेज बहाव में बह गया। यह घटना मंदिर घाट के पास हुई। हादसे के समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दिव्यांशु को बचाने की कोशिश की। हालांकि, नाले में पानी का बहाव बहुत तेज था। बारिश के कारण जलस्तर भी काफी बढ़ गया था, जिससे बच्चा उनकी नजरों से ओझल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष यादव, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और ककरहटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें ग्रामीणों के साथ मिलकर नाले के आसपास तलाश कर रही हैं। नाले में पानी का बहाव बहुत तेज होने के कारण गोताखोरों को उतरने में परेशानी हो रही है। प्रशासन ने SDRF की टीम को बुलाया है। SDRF टीम के आने के बाद नाले के निचले हिस्सों और गहरे पानी में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
Read full article on Bhaskar