crime
पत्नी पर चाकू से हमले की झूठी कहानी रची:शिवपुरी में पति ने खाना नहीं देने पर गुस्से में हमला किया, दूसरों पर लगाया आरोप
शिवपुरी के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम ठेह में पत्नी पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पति घनश्याम वाल्मीकि ने गांव के तीन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया था। जांच में पुलिस ने घनश्याम को ही आरोपी पाया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीन लोगों पर लगाया था आरोप पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को ग्राम ठेह निवासी 65 वर्षीय घनश्याम वाल्मीकि ने सतनवाड़ा थाने में शिकायत की थी। उसने बताया था कि 18-19 सितंबर की रात वह अपनी पत्नी लीला वाल्मीकि के साथ टपरिया में सो रहा था। घनश्याम ने आरोप लगाया था कि मकरारा गांव के राजकुमार वाल्मीकि, उसके पिता कालू वाल्मीकि और दो अन्य लोग चाकू लेकर आए और उसकी पत्नी लीला पर हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान को जांच सौंपी गई। गवाहों के बयान से खुला मामला जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों के बयान लिए। 22 सितंबर को एक गवाह ने पुलिस को बताया कि उसने हमला होते हुए देखा था। अन्य गवाहों ने भी कहा कि डर के कारण उन्होंने पहले पुलिस को जानकारी नहीं दी थी। गवाहों के बयानों के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता घनश्याम को थाने बुलाकर पूछताछ की। पत्नी ने खाना नहीं दिया तो गुस्से में हमला पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घनश्याम ने बताया कि शादी के बाद से ही उसका पत्नी से विवाद होता था। घटना वाली रात पत्नी ने उसे खाना नहीं दिया। इससे गुस्सा होकर उसने ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घनश्याम को आरोपी बनाया और गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Read full article on Bhaskar