crime
फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार:सिम बॉक्स से चल रहा था अवैध टेलीफोन एक्सचेंज, 43 सिम कार्ड में अधिकांश दिलवाए थे
फर्जी सिम कार्ड और सिम बॉक्स की मदद से अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चलाकर देशी-विदेशी VoIP कॉल को लोकल कॉल में बदलने के मामले में SOG ने 10 हजार रुपए के इनामी वांछित आरोपी अब्दुल रहमान (29) को गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी का रहने वाला है। उसे 1 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। SOG के अनुसार इस संबंध में थाना SOG, राजस्थान में साल 2023 में मुकदमा दर्ज हुआ। मामले में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, आपराधिक षड्यंत्र सहित टेलीग्राफ, वायरलेस टेलीग्राफी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में जांच की जा रही है। 43 सिम कार्ड में अधिकांश अब्दुल रहमान ने दिलवाए एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि जांच के दौरान जब्त किए गए सिम बॉक्स में मिले 43 सिम कार्ड में से अधिकांश सिम कार्ड आरोपी अब्दुल रहमान द्वारा फर्जी दस्तावेजों के जरिए टेलीकॉम कंपनियों से जारी करवाए जाने की बात सामने आई। आरोप है कि सिम धारकों की जानकारी के बिना उनके नाम पर सिम कार्ड जारी करवाकर अब्दुल रहमान ने इन्हें अपने सहयोगी वांछित आरोपी सैफ अंसारी उर्फ समीर उर्फ जैक को बेचकर सिम बॉक्स में इस्तेमाल के लिए उपलब्ध करवाया था। सिम बॉक्स से चल रहा था अवैध टेलीफोन एक्सचेंज मामले में गिरफ्तार आरोपियों की सहायता से हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्शन और सिम बॉक्स स्थापित किए गए। इनके जरिए देशी और विदेशी VoIP कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित किया जा रहा था। SOG के मुताबिक इस नेटवर्क से भारत सरकार को धोखा देकर राजस्व की हानि पहुंचाने के साथ टेलीग्राफ और वायरलेस संबंधी कानूनों का उल्लंघन किया गया। जांच एजेंसी ने इसे देश की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ राष्ट्रीय अखंडता, एकता और संप्रभुता के लिए गंभीर सुरक्षा खतरा बताया है। पहचान छिपाकर फरार चल रहा था आरोपी 10 हजार रुपए के इनामी अब्दुल रहमान की SOG लगातार तलाश कर रही थी। आरोपी अपनी पहचान और मौजूदगी छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर फरार चल रहा था। लगातार प्रयासों के बाद SOG टीम ने उसे 1 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है और अनुसंधान जारी है।
Read full article on Bhaskar