top
पप्पू यादव बोले-'HC जज की निगरानी में जांच हो':रौशन यादव हत्याकांड- जल्दबाजी में कराया पोस्टमार्टम; शरीर पर चोट के निशान
मधुबनी के रामपट्टी मंडल कारा में रौशन कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला गरमा गया है। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने सोमवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सरकार से इस मामले की जांच पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में गठित कमेटी से कराने की मांग की। सांसद पप्पू यादव बेनीपट्टी प्रखंड की परकौली पंचायत स्थित भदुली ब्रह्मोतरा गांव के राना टोला पहुंचे। उन्होंने मृतक की मां और बहन से घटना की पूरी जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। देखें, मौके से आई तस्वीरें... सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला... जेल प्रशासन की भूमिका की जांच हो परिजनों से मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रौशन कुमार यादव की मौत में जेल प्रशासन, रहिका थाना पुलिस और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सांसद ने आरोप लगाया कि रहिका पुलिस ने रौशन कुमार यादव के साथ मारपीट और प्रताड़ना की थी। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए पप्पू यादव ने दावा किया कि परिजनों ने कई गंभीर बातें बताई हैं, जिनकी जांच आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि रौशन की मौत एक साजिश का हिस्सा है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने रहिका थाना प्रभारी की भूमिका की जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग भी की। ‘गिरफ्तारी के बाद कहा रखा जानकारी नहीं दी’ सांसद ने यह भी कहा कि गिरफ्तारी के बाद रौशन के परिवार को उसकी सूचना नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस ने उसे तीन-चार दिनों तक कहां रखा था। पप्पू यादव ने रहिका थाना प्रभारी के मोबाइल कॉल डिटेल, थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे और रामपट्टी मंडल कारा के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। पहले पोस्टमार्टम कराया,बाद में दी सूचना पप्पू यादव ने कहा कि रौशन की मौत के बाद जल्दबाजी में पोस्टमार्टम कराया गया और परिवार को बाद में सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि परिजनों ने मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही है, इसलिए पूरे मामले की न्यायिक जांच जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले को पटना हाईकोर्ट तक ले जाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे। सांसद ने 1 लाख रुपये की सहायता राशि दी इस दौरान सांसद ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल अपने स्तर से एक लाख रुपये की सहायता राशि दी। उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार बेहद गरीब है और रहने के लिए भी समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने रौशन की दोनों बहनों की पढ़ाई और शादी का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। मौके पर मृतक के परिजनों ने सांसद को घटना से जुड़ी जानकारी देते हुए न्याय की गुहार लगाई। सांसद ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
Read full article on Bhaskar