crime
राजस्व टीम के सामने राशन बोरियां उठा ले गए ग्रामीण:3-4 महीने से नहीं मिला था राशन, सेल्समैन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई
शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील के उन्हाई गांव में राशन वितरण के दौरान विवाद हो गया। ग्रामीणों की राशन नहीं मिलने की शिकायत की जांच के लिए गुरुवार को राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीण राशन दुकान में रखी बोरियां उठाकर ले गए। राशन की मात्रा करीब 10 क्विंटल बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। राशन दुकान के सेल्समैन गोपाल जाटव ने तेंदुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्हाई गांव के ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत की थी कि उन्हें पिछले तीन-चार महीने से राशन नहीं मिल रहा है। शिकायत की जांच के लिए गुरुवार को राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची थी। इसी दौरान राशन दुकान के सेल्समैन गोपाल जाटव अगस्त और सितंबर महीने का राशन वितरित करने के लिए पहुंचे थे। मौके पर ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने राशन नहीं मिलने की शिकायत रखी। शिकायत के संबंध में पंचनामा भी तैयार किया गया। राजस्व टीम के सामने गेहूं की बोरियां ले गए ग्रामीण पंचनामा तैयार किए जाने के दौरान कुछ ग्रामीण राशन दुकान में रखी बोरियां उठाकर ले गए। बताया जा रहा है कि राशन की मात्रा करीब 10 क्विंटल थी। घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ ग्रामीण राशन की बोरियां ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में सेल्समैन गोपाल जाटव ने तेंदुआ थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 15.90% राशन ही बांटने की बात सामने आई कोलारस एसडीएम शिव दयाल धाकड़ ने बताया कि ग्रामीणों ने राशन नहीं मिलने की शिकायत की थी। सेल्समैन को अगस्त और सितंबर माह का राशन वितरित करना था, लेकिन अब तक 15.90% राशन ही वितरित किया गया है। एसडीएम ने बताया कि राशन के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिले में राशन वितरण व्यवस्था की जांच जारी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से राशन वितरण की स्थिति की जांच की जा रही है और स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।
Read full article on Bhaskar