politics
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने लिया चुनाव की तैयारियों का जायजा:दौसा कलेक्ट्रेट पहुंचे, अफसरों को दिए व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शनिवार को दौसा पहुंचकर नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कलक्ट्रेट स्थित दौसा रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का मौके पर अवलोकन किया और निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, एसपी पीयूष दीक्षित एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उनकी प्रगति के संबंध में जानकारी ली। कानून व्यवस्था की जानकारी ली उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया का मौके पर अवलोकन किया गया और व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं उपयुक्त पाई गईं। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी से जिले की कानून व्यवस्था, पुलिस प्रबंध, मतदान दलों की व्यवस्था, मतदान केंद्रों, मतदान एवं मतगणना स्थलों सहित चुनाव से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां संतोषजनक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदान से लेकर मतगणना एवं चुनाव परिणाम घोषित होने तक सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से नियंत्रण में रहेंगी और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी। इस अवसर पर एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा, जिला परिषद के सीईओ बिरदी चंद गंगवाल, दौसा एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी संजू मीणा सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar