top
रक्षाबंधन पर मुफ्त सफर, बसों के लिए मारामारी:फर्रुखाबाद में बस आते ही सीट के लिए दौड़े यात्री; बरेली के लिए 40 मिनट तक इंतजार
रक्षाबंधन शुक्रवार को मनाया जाएगा। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए गुरुवार से ही मायके जाने लगी हैं। फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर गुरुवार को यात्रियों की भारी भीड़ रही। बस के पहुंचते ही यात्री सीट पाने के लिए दौड़ पड़ते दिखे। कई जगह सीट को लेकर धक्का-मुक्की और मारामारी की स्थिति भी बनी। मुख्यमंत्री की ओर से रक्षाबंधन पर बहनों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत एक सहयोगी भी उनके साथ मुफ्त यात्रा कर सकता है। यह सुविधा गुरुवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई। रक्षाबंधन से एक दिन पहले बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य यात्री बस स्टैंड पहुंचे। हरदोई-कानपुर जाने वालों की सबसे ज्यादा भीड़ फर्रुखाबाद से यात्री हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, इटावा, एटा, आगरा और कानपुर समेत कई जिलों के लिए रवाना हुए। हरदोई और कानपुर रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रही। हरदोई डिपो या किसी अन्य डिपो की बस जैसे ही बस स्टैंड पहुंचती, यात्री उसमें चढ़ने के लिए दौड़ लगाते। सीट को लेकर यात्रियों में धक्का-मुक्की भी हुई। बरेली के लिए 40 मिनट तक नहीं मिली बस गुरुवार शाम 4 बजे तक बरेली जाने के लिए बस नहीं मिलने से यात्रियों को 30 से 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। हरदोई और इटावा जाने वाले यात्रियों को भी बस के लिए इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण बस में जगह मिलना मुश्किल हो रहा है। यात्री बोले- बच्चे साथ हैं, बस का इंतजार कर रहे बरेली जाने वाले यात्री मुकेश ने बताया कि वह करीब एक घंटे से बस का इंतजार कर रहे हैं। उनके साथ बच्चे भी हैं और उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि पूछने पर सिर्फ यही कहा जा रहा है कि बस आने के बाद ही रवाना किया जाएगा। आवास विकास निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह बच्चों को बरेली जाने के लिए छोड़ने आए थे। करीब 40 मिनट से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बस उपलब्ध नहीं हो पाई। श्रृंगी रामपुर निवासी महिला यात्री ने मुफ्त यात्रा की सुविधा को राहत देने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अच्छा काम किया है, लेकिन उन्हें हरपालपुर जाना है और करीब आधे घंटे से बस का इंतजार करना पड़ रहा है। सुरक्षा के लिए पुलिस रही मुस्तैद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज बस स्टैंड पर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। एआरएम के साथ एआरटीओ भी बस स्टैंड पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। सभी 115 बसें सेवा में, जरूरत के हिसाब से बढ़ाई जा रही सेवा एआरएम ने बताया कि दिल्ली रूट पर 40 बसें संचालित हो रही हैं। इसके अलावा अन्य मार्गों पर भी बसें चलाई जा रही हैं। डिपो की सभी 115 बसें सेवा में हैं। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक हो रही है, वहां तत्काल बसें भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर 31 अगस्त तक चालकों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है।
Read full article on Bhaskar